भारतीय महिला हॉकी टीम की लगातार तीसरी जीत, उरुग्वे को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह

18 जून : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप 2025-26 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने अंतिम पूल मुकाबले में उरुग्वे को 3-2 से हरा दिया। ऑकलैंड में खेले गए इस रोमांचक मैच में भारतीय टीम ने शुरुआती झटके के बाद दमदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की और पूल-ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।

मैच की शुरुआत में उरुग्वे ने 13वें मिनट में चियारा एपेनिनो के गोल की बदौलत बढ़त बना ली। हालांकि भारतीय टीम ने संयम बनाए रखा और 24वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में भारत ने खेल पर पकड़ मजबूत कर ली। 43वें मिनट में दीपिका सोरेंग ने शानदार फील्ड गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। मैच के अंतिम चरण में उरुग्वे की कप्तान मैनुएला विलर ने 55वें मिनट में गोल कर मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया, लेकिन भारत ने तुरंत जवाब दिया। अगले ही मिनट दीपिका ने अपना दूसरा गोल दागकर भारत को 3-2 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

पूरे मैच में भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और उरुग्वे के मुकाबले अधिक मौके बनाए। भारत को सात पेनल्टी कॉर्नर मिले, जबकि उरुग्वे को केवल दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल हुए।

यह मुकाबला भारतीय मिडफील्डर नेहा के लिए भी यादगार रहा, जिन्होंने अपने करियर का 200वां सीनियर अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। लगातार तीन जीत के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब 20 जून को सेमीफाइनल में उसका सामना चिली और कोरिया के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *