18 जून : हरिपुर थाना क्षेत्र के गांव बिलासपुर में मंगलवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। नकाबपोश चोरों ने एक घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चंचला देवी पत्नी काली दास के घर में रात के समय 4 नकाबपोश चोर घुसे। उस समय घर में बुजुर्ग दंपति और उनकी बेटी मौजूद थे, लेकिन चोरों ने इतनी सफाई से वारदात को अंजाम दिया कि परिवार को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोर घर से करीब 70 हजार रुपए नकद और आभूषण लेकर फरार हो गए।
सुबह जब परिजन उठे तो खिड़की और ग्रिल टूटी हुई मिली, जिसके बाद चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर हरिपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी महिंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग जुटाए जा रहे हैं तथा जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।