18 जून : पुलिस जिला नूरपुर के तहत भदरोया स्थित शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात को डमटाल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। पुलिस ने मंदिर से चोरी करने वाले आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी कि शिव मंदिर से पीतल का त्रिशूल, तांबे का नाग, डमरू, जोत और तांबे के लोटे चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस ने इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की गतिविधियां सामने आईं। इसके आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी मंगल सिंह निवासी भदरोया को टोल टैक्स बैरियर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने मंदिर का चोरीशुदा सामान पंजाब के पठानकोट स्थित एक कबाड़ी को बेच दिया था।
इसके बाद पुलिस टीम ने पठानकोट के सैली रोड स्थित कबाड़ की दुकान पर दबिश देकर दुकानदार रवि कुमार निवासी रामपुरा, पठानकोट को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दुकान से मंदिर का चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने मामले में चोरी की संपत्ति खरीदने से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ दी हैं। दोनों आरोपियों को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है।