पशुओं को चारा डालने गया युवक बना सर्पदंश का शिकार, उपचार के दौरान मौत

18 जून : जवाली उपमंडल की ग्राम पंचायत पलौहड़ा के गांव कुठेड़ा में सर्पदंश से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 34 वर्षीय संजीव जरियाल पुत्र कुंदन सिंह निवासी कुठेड़ा के रूप में हुई है। संजीव पिछले 12 वर्षों से ग्राम पंचायत पलौहड़ा में चौकीदार के पद पर सेवाएं दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह संजीव अपनी माता के साथ घर के समीप स्थित गौशाला में पशुओं को देखने और चारा डालने गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया। संजीव ने तुरंत अपनी माता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल जवाली ले गए।

बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने पर संजीव स्वयं सीढ़ियां चढ़कर दूसरी मंजिल तक गए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

संजीव की असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है। पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *