18 जून : सिरमौर पुलिस की पीओ सैल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश पिछले कई वर्षों से की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिंकू उर्फ बंटी पुत्र खजान सिंह निवासी गांव डबौर, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना संगड़ाह में वर्ष 2021 में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था और अदालत में पेश नहीं हो रहा था।
बार-बार नोटिस और तलाश के बावजूद आरोपी के हाथ न आने पर अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था। इसके बाद सिरमौर पुलिस की पीओ सैल उसकी लगातार तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के लुधियाना में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसे नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा।