18 जून : शिमला जिले के रोहड़ू उपमंडल में एक वृद्ध महिला की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मृतका की पहचान गीता देवी जनारथा के रूप में हुई है, जो अपने सेब के बगीचे के बीच बने मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका था, जबकि दोनों बेटे अपने परिवारों के साथ शहरों में रहते हैं। पास ही बने शेड में रहने वाले नेपाली मूल के मजदूरों ने सुबह आवाज लगाने पर कोई जवाब न मिलने के बाद घर के भीतर जाकर देखा, जहां महिला बेसुध अवस्था में मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। साथ ही घर में चोरी होने की भी आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों व आरोपियों की तलाश में जांच तेज कर दी है।