15 जून : पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए लाहुल-स्पीति पहुंचे प्रदेश के उप-मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया का अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल पर भव्य स्वागत किया गया। लाहुल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा के नेतृत्व में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
नॉर्थ पोर्टल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। आगमन पर स्थानीय पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका सम्मान किया गया। इस दौरान विधायक अनुराधा राणा ने केवल सिंह पठानिया का स्वागत करते हुए उन्हें लाहुल-स्पीति की पावन धरती पर आने के लिए शुभकामनाएं दीं।
पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उनका आत्मीय स्वागत करते हुए उनके प्रति अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया। स्वागत समारोह में विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उप-प्रधानों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित में समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।