चंबा में आज इतिहास रचेंगे 319 पंचायत प्रतिनिधि, चौगान में होगा सामूहिक शपथ ग्रहण

15 जून : जिला चंबा की सात विकास खंडों की 319 पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान सोमवार को ऐतिहासिक चौगान में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया इस विशेष समारोह में पंचायत प्रतिनिधियों को शपथ दिलाएंगे।

यह पहला अवसर होगा जब जिला के सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रधानों और उपप्रधानों के लिए संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले ऐसे समारोह जिला से बाहर आयोजित किए जाते थे, लेकिन प्रदेश सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए अब जिला मुख्यालयों में ही शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।

ऐतिहासिक चौगान में आयोजित होने वाले इस समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। दूरदराज के विकास खंडों से आने वाले पंचायत प्रतिनिधियों के लिए ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल और समारोह स्थल की व्यवस्थाएं भी पूरी कर ली गई हैं।

प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन न केवल नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के लिए यादगार साबित होगा, बल्कि चंबा के इतिहास में भी एक नया अध्याय जोड़ने का काम करेगा।

कार्यवाहक जिला पंचायत अधिकारी महेश ठाकुर ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में इस तरह का आयोजन पहली बार हो रहा है और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर नवनिर्वाचित प्रधानों एवं उपप्रधानों को शपथ दिलाएंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *