भव्य जलेब के साथ शुरू हुआ नवाही मेला, श्रद्धा और उत्साह से गूंजा क्षेत्र

15 जून : उपमंडल सरकाघाट के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नवाही देवी माता मंदिर में आयोजित होने वाला चार दिवसीय पारंपरिक एवं पौराणिक नवाही मेला रविवार को श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ आरंभ हो गया। मेले के शुभारंभ अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला और माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

मेले का शुभारंभ कांग्रेस महासचिव पवन ठाकुर ने विधिवत पूजा-अर्चना तथा टमक वादन के साथ किया। इस दौरान मंदिर समिति ने उन्हें और अन्य गणमान्य अतिथियों को माता की चुनरी भेंट कर सम्मानित किया। शुभारंभ से पूर्व ग्राम पंचायत नवाही भवन से मंदिर परिसर तक भव्य जलेब निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बैंड-बाजों और धार्मिक धुनों के बीच निकाली गई जलेब आकर्षण का केंद्र रही।

नवाही मेले में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में व्यापारी पहुंच चुके हैं। मेले में लगी दुकानों और विभिन्न गतिविधियों से क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है।

मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेंगे। 15 जून को आयोजित पहली सांस्कृतिक संध्या में जॉनी ठाकुर, गौरव कौंडल और हिमाचली जोड़ी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। इस अवसर पर डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं 16 जून को दूसरी सांस्कृतिक संध्या में ईशांत भारद्वाज, राखी गौतम, क्यारा चौधरी और कुलदीप भारद्वाज अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस कार्यक्रम में एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

मेले के उपलक्ष्य में नव दुर्गे कमेटी की ओर से दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। कमेटी के प्रधान कश्मीर सिंह शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में क्षेत्र की 16 टीमें भाग ले रही हैं। विजेता टीम को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बेस्ट प्लेयर, बेस्ट अटैकर और बेस्ट लिब्रो को भी ट्रॉफी और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

मेले के शुभारंभ अवसर पर ग्राम पंचायत नवाही के प्रधान सत्य प्रकाश गारला, उपप्रधान सतीश कुमार शर्मा, पंचायत सचिव विनोद कुमार, ग्राम पंचायत जुकेण के प्रधान दिनेश नारंग, उपप्रधान हरी बहना सहित कई गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *