गांव-गांव पहुंचेगी एलपीजी, हरिपुरधार एजेंसी ने बदली वितरण व्यवस्था

15 जून : हरिपुरधार गैस एजेंसी में सिलेंडर लेने के लिए रोजाना उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए एजेंसी प्रबंधन ने वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए हरिपुरधार नहीं आना पड़ेगा। एजेंसी द्वारा निर्धारित फोकल प्वाइंट्स पर सीधे एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जाएगी, जबकि हरिपुरधार बाजार में सप्ताह में केवल सोमवार और शुक्रवार को ही सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।

पिछले करीब दो महीनों से गैस एजेंसी कार्यालय में सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ देखने को मिल रही थी। दूरदराज के गांवों से बड़ी संख्या में उपभोक्ता सीधे एजेंसी पहुंच रहे थे, जिसके कारण लोगों को चार से छह घंटे तक लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा था। इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ एजेंसी कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए करीब दो दर्जन फोकल प्वाइंट्स पर निर्धारित तिथियों के अनुसार गैस वितरण वाहन भेजे जाएंगे। एजेंसी ने सभी फोकल प्वाइंट्स के लिए वितरण कार्यक्रम तय कर दिया है और उसी के अनुसार सिलेंडरों की आपूर्ति की जाएगी।

एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि इस कदम से कार्यालय में भीड़ कम होगी, ग्रामीण उपभोक्ताओं का समय और परिवहन खर्च बचेगा तथा गैस वितरण व्यवस्था अधिक सुचारू और सुविधाजनक बन सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *