30 मई : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक हादसे में गृह रक्षक जवान की जान चली गई। घर लौटते समय पैर फिसलने से वह गहरी खाई में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान प्रकाश चंद (46) पुत्र विश्वेश्वर, निवासी शक्तिदेहरा (लाहड़ी), पंचायत निहुई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार प्रकाश चंद गुरुवार शाम बाजार से अपने घर लौट रहे थे। घर से करीब 100 मीटर पहले एक रिटेनिंग वॉल (डंगे) के पास उनका संतुलन बिगड़ गया और वे लगभग 30 फीट गहरी खाई में जा गिरे।
देर रात काम से लौट रहे ग्रामीणों ने उन्हें खाई में घायल अवस्था में देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों और परिवार के सदस्यों ने उन्हें खाई से निकालकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार को गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रकाश चंद अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे बुजुर्ग मां, पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने की मांग की है।