बज्रेश्वरी मंदिर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, परिसर को चमकाने में जुटे प्रशासन और स्वयंसेवक

30 मई: विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी मंदिर में इन दिनों विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मंदिर का कार्यभार संभाल रहे तहसीलदार प्रकाश धीमान के नेतृत्व में प्रतिदिन सुबह मंदिर परिसर के कोने-कोने की सफाई की जा रही है। अभियान के तहत मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य लगातार जारी है।

शुक्रवार को इस अभियान में आपदा मित्रों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके अलावा विभिन्न सामाजिक संस्थाएं भी इस अभियान से जुड़कर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभा रही हैं, जिससे स्वच्छता अभियान को और अधिक मजबूती मिल रही है।

मंदिर परिसर की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने भी संतोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि मंदिर ट्रस्ट की भूमिका केवल बैठकों और योजनाओं तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि धार्मिक और जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों में सदस्यों की सक्रिय भागीदारी भी दिखाई देनी चाहिए।

पिछले लगभग एक सप्ताह से जारी इस अभियान के दौरान कुछ ट्रस्ट सदस्यों की उपस्थिति जरूर देखने को मिली है, लेकिन स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अधिक सदस्य भी आगे बढ़कर इस मुहिम का हिस्सा बनेंगे। फिलहाल तहसीलदार प्रकाश धीमान के नेतृत्व में सामाजिक संस्थाओं और आपदा मित्रों के सहयोग से मंदिर परिसर को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *