30 मई: सुंदरनगर उपमंडल के निहरी क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की जलापूर्ति योजना से जुड़ा ट्रांसफार्मर चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना से विभाग में हड़कंप मच गया है, वहीं क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार एलडब्ल्यूएसएस जरल मराहड़ा स्टेज-2 योजना के तहत गांव नेहरा में स्थापित ट्रांसफार्मर को अज्ञात चोर रात के समय उखाड़कर ले गए। शुक्रवार सुबह जब विभागीय कर्मचारी नियमित निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंचे तो ट्रांसफार्मर गायब मिला। इसके बाद मामले की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई।
बताया जा रहा है कि चोरी हुआ ट्रांसफार्मर जलापूर्ति योजना के संचालन के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। ऐसे में इसके चोरी होने से आसपास के क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस चोरी से विभाग को करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि आम लोगों को मिलने वाली जरूरी सुविधाओं पर भी सीधा असर डालती हैं।
विद्युत मंडल सुंदरनगर के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता ई. मोहित टंडन ने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस चौकी निहरी में दर्ज करवा दी गई है। विभाग ने अज्ञात चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।