लापता युवती मामले में नया मोड़, आरोपी पर दुष्कर्म सहित गंभीर धाराएं दर्ज

10 मई: शादी से दो दिन पहले लापता हुई युवती के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म और शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने सहित गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं।

जानकारी के अनुसार 5 मई को युवती के परिजनों ने थाना अम्ब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि पड़ोसी गांव का एक युवक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामला उस समय अधिक संवेदनशील हो गया जब यह सामने आया कि आरोपी युवक पहले से विवाहित है।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों की मदद से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पंजाब के लुधियाना से युवती को बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। दोनों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती ने कोर्ट में दिए बयान में आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी ने प्रेमजाल में फंसाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 87 के साथ धारा 69 भी जोड़ दी है।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

उल्लेखनीय है कि युवती की शादी तय थी और विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस घटनाक्रम से दोनों परिवारों सहित कई लोग सदमे में हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *