हमीरपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत, 5505 मामलों का मौके पर निपटारा

10 मई: लंबित मामलों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को जिला हमीरपुर के न्यायिक परिसरों हमीरपुर, नादौन और बड़सर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष भुवनेश अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित इस लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों की सुनवाई कर उनका निपटारा किया गया।

जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि लोक अदालत में कुल 7466 मामले सुनवाई के लिए रखे गए थे, जिनमें से 5505 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इन मामलों में 97.13 लाख रुपये से अधिक की राशि की वसूली भी की गई।

उन्होंने बताया कि प्री-लिटिगेशन के 847 मामलों में से 43 मामलों का समाधान किया गया, जिनमें 3.48 लाख रुपये की राशि वसूली गई। वहीं पोस्ट-लिटिगेशन के 382 मामलों में से 209 मामलों का निपटारा कर 86.43 लाख रुपये से अधिक राशि प्राप्त की गई।

इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े 6237 मामलों में से 5253 मामलों का निपटारा किया गया, जिनमें 7.21 लाख रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया।

कुलदीप शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत लोगों को सस्ता, सरल और त्वरित न्याय उपलब्ध करवाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर आयोजित होने वाली लोक अदालतों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो सके।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *