26 अप्रैल, रवि दत्त भारद्वाज: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ में नगर पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां भी तेज हो गई हैं और संभावित उम्मीदवार अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार 29 अप्रैल, 30 अप्रैल और 2 मई को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी।
इसके बाद उम्मीदवारों को 6 मई तक दोपहर 3 बजे तक अपने नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी।
चुनाव के लिए मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक करवाया जाएगा। प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
नगर पंचायत राजगढ़ और इसके विभिन्न वार्डों में करीब 1982 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।
इस बीच, चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। संभावित उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए जनसंपर्क तेज कर दिया है। अब सभी की नजरें नामांकन प्रक्रिया और आगामी चुनावी मुकाबले पर टिकी हुई हैं।