22 सितंबर:राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डिडवीं टिक्कर में सोमवार को हाई एवं सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की छात्राओं की तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में हमीरपुर जिले के छह ब्लॉकों की करीब 250 छात्राएं वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं।
उद्घाटन अवसर पर आयोजन समिति और प्रतिभागी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, एनसीसी, एनएसएस और अन्य गतिविधियों का भी विशेष महत्व है। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इन सुधारों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में तीन वर्षों में 21वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि साक्षरता दर के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
इससे पहले मेजबान पाठशाला की प्रधानाचार्य शैली शर्मा और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने सुनील शर्मा बिट्टू का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित जानकारी दी। प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं ने शानदार मार्च पास्ट किया, जबकि मेजबान पाठशाला के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मनोरंजन किया।
उद्घाटन समारोह में एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, प्रतियोगिता समन्वयक चमन लाल, सहायक समन्वयक अशोक कुमार, रिकॉर्डर अनिल गौतम, अनीता देवी, वीना देवी, विभिन्न ब्लॉकों के टीम प्रभारी, शिक्षक, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।