22 सितंबर: जिला कांगड़ा में किसानों को अनुदान पर कृषि उपकरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कृषि विभाग का एग्री मशीनरी पोर्टल 22 सितंबर से सक्रिय हो गया है। ‘कृषि अभियांत्रिकी उपमिशन’ के तहत जिले के किसान भारत सरकार के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से कृषि यंत्रों की खरीद के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2026 निर्धारित की गई है।
उप निदेशक कृषि (कांगड़ा) डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एवं पात्र किसान निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत लघु, सीमांत, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला किसानों को कृषि यंत्रों की खरीद पर 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि किसानों को पावर टिलर, पावर वीडर सहित अन्य आधुनिक कृषि उपकरण अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन कृषि यंत्रों के उपयोग से विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में खेती का काम आसान होने के साथ श्रम और समय की भी बचत होगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 अक्तूबर, 2026 को लॉटरी के माध्यम से पात्र किसानों का चयन किया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।