हमीरपुर में संदिग्ध व्यक्ति गिरफ्तार, आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका; केंद्रीय एजेंसियां करेंगी पूछताछ

22 सितंबर: जिला मुख्यालय हमीरपुर में एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किए जाने की सूचना है। बताया जा रहा है कि प्रदेश की स्टेट सीआईडी ने खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध को पकड़ा और जिला पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, अभी तक पुलिस या किसी अन्य आधिकारिक एजेंसी की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

जानकारी के अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसी से मिले इनपुट में बताया गया था कि एक संदिग्ध व्यक्ति पिछले करीब छह महीने से हमीरपुर में रह रहा है। वह टेलरिंग का काम करता था। बताया जा रहा है कि केंद्रीय एजेंसी को उसकी गतिविधियों को लेकर इनपुट मिले थे और उसका स्केच भी जारी किया गया था। इसके बाद स्टेट सीआईडी की टीम ने उसे पकड़ने के लिए गुप्त अभियान चलाया।

सोमवार देर शाम सीआईडी की टीम ने संदिग्ध को पकड़कर जिला पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। बताया जा रहा है कि मंगलवार को केंद्रीय जांच एजेंसियों की टीमें हमीरपुर पहुंचेंगी और संदिग्ध से अपने स्तर पर पूछताछ करेंगी। सूत्रों के अनुसार, उसकी गतिविधियों के आतंकी गतिविधियों से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में केंद्रीय एजेंसियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *