राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को जम्मू में मिला ‘देश रत्न सम्मान’, विकसित भारत के लिए जनभागीदारी पर दिया जोर

20 अक्तूबर: राज्यपाल कविंद्र गुप्ता को सोमवार को जम्मू में आयोजित जगद्गुरु ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी के पावन समागम में ‘देश रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ब्रह्मर्षि कुमार स्वामी ने प्रदान किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। साथ ही यह समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी को और मजबूत करता है।

समागम में राज्यपाल ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं सदियों से आत्मिक शांति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय चेतना का सशक्त स्रोत रही हैं। इन परंपराओं ने देश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ समाज को एकजुट रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इस अवसर पर लेडी गवर्नर बिंदु गुप्ता भी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और सभ्यता केवल अतीत की धरोहर नहीं हैं, बल्कि इन्हें संरक्षित रखना और भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने एक स्पष्ट राष्ट्रीय लक्ष्य है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी और योगदान आवश्यक है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए राष्ट्र के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने पर जोर दिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *