मुख्यमंत्री के होली दौरे की तैयारियों की उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने की समीक्षा

20 अक्तूबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के 22 और 23 अक्तूबर को जनजातीय क्षेत्र होली के प्रस्तावित दौरे को लेकर सोमवार को उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों से कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत होली के सुटकर गांव में भी तैयारियों का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री 22 अक्तूबर की शाम सुटकर गांव में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा 23 अक्तूबर को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय होली में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे।

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

बैठक में एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, प्रदेश युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी, एडीएम भरमौर विकास शर्मा, एसडीएम अजय सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण जीत सिंह ठाकुर, विद्युत विभाग के अधिकारी राजीव ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज, वनमंडलाधिकारी रजनीश महाजन, खंड विकास अधिकारी संजय वर्मा, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा और होली पंचायत के उपप्रधान रमेश चंद सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *