बी.वॉक कर्मचारियों के रुके वेतन को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला प्रतिनिधिमंडल, जल्द भुगतान का आश्वासन

20 अक्तूबर, तरसेम जरयाल : हिमाचल प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत बी.वॉक कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात कर लंबे समय से लंबित वेतन का मुद्दा उठाया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं को सुनते हुए जल्द वेतन जारी करवाने का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल में राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट के बी.वॉक संघ के सदस्य राकेश कुमार, सुशील ठाकुर, सुमित कुमार, राजीव कुमार और आरती सिंह शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि सेवा प्रदाता कंपनी द्वारा पिछले अढ़ाई महीनों से कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया गया है। कंपनी की ओर से सरकार से फंड जारी न होने के कारण भुगतान में देरी की बात कही जा रही है।

कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे उनके लिए घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना भी मुश्किल हो रहा है।

मुलाकात के दौरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से जल्द फंड का प्रबंध किया जा रहा है। साथ ही संबंधित विभाग को निर्देश देकर कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र उनके बैंक खातों में जारी करवाने का भरोसा दिलाया।

शिक्षा मंत्री के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द आवश्यक कदम उठाकर उनके लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करेगी, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिल सकेगी।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *