3 अक्तूबर : हाई स्कूलों के विद्यार्थियों की जिला स्तरीय अंडर-17 खेलकूद प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मटाहणी में शुरू हो गई। प्रतियोगिता में वॉलीबाल, बैडमिंटन और कबड्डी की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
आयोजन समिति, टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। इन गतिविधियों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश का कार्यभार संभालने के बाद स्कूली खिलाड़ियों की डाइट मनी में दोगुने से अधिक की वृद्धि कर इसे 250 रुपये किया है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले स्कूली खिलाड़ियों के लिए उच्च श्रेणी की रेल यात्रा तथा आवश्यकता पड़ने पर हवाई यात्रा का भी प्रावधान किया गया है। ओलंपिक, एशियाई, राष्ट्रमंडल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं के लिए करोड़ों रुपये के नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं। जापान में चल रहे एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले हिमाचली खिलाड़ियों को भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि नादौन में अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा होने वाला है। इसमें 14 खेलों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर को मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, कैंसर संस्थान, डेडिकेटेड साइंस कॉलेज, बस स्टैंड सहित कई बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिससे जिले को नई पहचान मिल रही है।
इससे पहले मेजबान पाठशाला की प्रधानाचार्य नीश तोमर और एडीपीईओ राजेंद्र शर्मा ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों, टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया।