3 अक्तूबर : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस पलट गई। हादसे में बस सवार छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6 बजे पुलिस लाइन बाशिंग के समीप हुआ। HRTC की बस (एचपी 38-9738) मनाली से पठानकोट की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में बस में सवार सभी छह लोग घायल हो गए।
घायलों की पहचान श्याम लाल (45) पुत्र लाला राम निवासी बासकोला, डाकघर कटराईं, कुल्लू, कृष्ण थापा (42) पुत्र ईमान थापा निवासी बांद्रोल, कुल्लू, छाया देवी (25) पत्नी राकेश कुमार निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता, पठानकोट (पंजाब), राकेश कुमार (31) पुत्र सरदारी लाल निवासी गांव कुठेड़, डाकघर सिहुंता, पठानकोट (पंजाब), बस चालक मनमोहन सिंह (42) पुत्र जोगिंदर सिंह निवासी भुट, डाकघर खरोटा, तहसील चुवाड़ी, कांगड़ा और बस परिचालक प्रवीण सिंह (46) पुत्र लाभ सिंह निवासी गांव खन्नी, तहसील नूरपुर, कांगड़ा के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। एसपी कुल्लू अभिषेक शेखर ने बताया कि पुलिस ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।