भोरंज की ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को विभिन्न विकास योजनाओं की दी जानकारी

3 अक्तूबर: जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में शुक्रवार को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी), वित्त वर्ष 2026-27 के बजट, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), वीबी-जीरामजी योजना सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा की गई।

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर ने भोरंज की ग्राम पंचायत जाहू, धीरड़, पपलाह, भलवाणी सहित अन्य पंचायतों की ग्राम सभाओं में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों को वीबी-जीरामजी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 तथा पारंपरिक जलस्रोतों के संरक्षण एवं संवर्द्धन से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

अस्मिता ठाकुर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ठोस कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से घरों में ही सूखे, गीले और प्लास्टिक कचरे को अलग-अलग करने का आग्रह किया, ताकि कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक जलस्रोतों की नियमित सफाई, संरक्षण और संवर्द्धन बेहद जरूरी है। इन जलस्रोतों के संरक्षण से स्थानीय स्तर पर पेयजल और सिंचाई की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल सकती है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *