3 अक्तूबर: धर्मशाला के साई स्टेडियम में अंडर-19 जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से करीब 504 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंडर-19 वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में धर्मशाला के पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण हैं।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि धर्मशाला को खेल नगरी के रूप में और अधिक पहचान दिलाने में यहां के प्रतिभावान खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा नियमित अभ्यास और अनुशासन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। साथ ही प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षकों और सहयोगी संस्थाओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता में 504 बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर 2026 एशियन गेम्स में भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाली हिमाचल की खिलाड़ी ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। आरटीए सदस्य सुरेश पप्पी सहित विभिन्न स्कूलों के अध्यापक भी मौजूद रहे।