3 अक्तूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान और ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत इंदौरा विधानसभा क्षेत्र की 58 ग्राम पंचायतों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अपनी-अपनी पंचायत को चिट्टा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इसी कड़ी में विधायक इंदौरा मलेंद्र राजन ने ग्राम पंचायत सनोरा, मलोट और सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जन-जन तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जब तक इंदौरा क्षेत्र को चिट्टा मुक्त नहीं बनाया जाता, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चला रही है और पंचायत स्तर पर जनभागीदारी के माध्यम से इसे और मजबूत किया जा रहा है। सरकारी प्रयासों के साथ पंचायत प्रतिनिधियों, अभिभावकों, युवाओं और आम नागरिकों को मिलकर नशे के खिलाफ प्रभावी भूमिका निभानी होगी।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के साथ युवाओं के लिए खेल और फिटनेस सुविधाओं का विस्तार भी जरूरी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। विकास कार्यों के साथ नशामुक्त समाज का निर्माण भी पंचायतों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने ग्राम पंचायत सनोरा में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं को बेहतर खेल एवं व्यायाम सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से पंचायत क्षेत्र में ओपन जिम स्थापित करने की भी घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया तथा उनकी विकास संबंधी समस्याओं और मांगों को सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्व जिला परिषद सदस्य परवीन कुमार, सनोरा पंचायत के प्रधान अनूप सिंह, उपप्रधान सुखदेव, मलोट पंचायत के प्रधान राजेंद्र सिंह, उपप्रधान विनोद शर्मा, सूरजपुर पंचायत के प्रधान कपिल डोगरा, उपप्रधान गोवर्धन शर्मा, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, बीडीओ सुदर्शन सिंह, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ राजीव बिंदराल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।