मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पधर के भटेहड़-कुन्नू में रोड रोलर से टकराई ऑल्टो, तीन बच्चों समेत 6 घायल

1 अक्तूबर : मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर पधर के समीप भटेहड़-कुन्नू में  सुबह एक सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब पौने 7 बजे हुआ, जब मंडी से पधर की ओर जा रही एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े रोड रोलर से जा टकराई।

प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और निर्माण कंपनी के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। तीन बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए जोनल अस्पताल मंडी रेफर किया गया।

घायलों की पहचान रीता देवी पत्नी जगदीश चंद, तनवी, मुस्कान, जाह्नवी, शिवानी सभी निवासी ग्रामण, डाकघर थल्टूखोड़, तहसील पधर, जिला मंडी तथा मांगणू राम पुत्र टेक चंद निवासी बड़ी बजगाण, तहसील एवं थाना पधर के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *