3 सितंबर: मकड़ोली-झंगराड़ा सड़क पर बुधवार शाम निर्माण कार्य के दौरान एक मिक्सचर ट्रक हादसे का शिकार हो गया। सामने से आ रही बस को पास देने के प्रयास में ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक को मामूली चोटें आईं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद चालक की हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार निर्भय कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से मकड़ोली-झंगराड़ा सड़क पर निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। बुधवार शाम निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा मिक्सचर ट्रक कार्यस्थल के पास मौजूद था। इसी दौरान सामने से एक बस आ गई। बस को रास्ता देने के लिए चालक ने ट्रक को सड़क के किनारे किया, लेकिन इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए ले जाया गया। गनीमत रही कि हादसे में चालक को गंभीर चोटें नहीं आईं।
निर्भय कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉर्डिनेटर राहुल त्रिपाठी ने बताया कि बस को पास देते समय मिक्सचर ट्रक सड़क से नीचे खाई में गिर गया था। चालक को हल्की चोटें आई थीं और उसका उपचार करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि चालक की हालत अब सामान्य है।