9 नवम्बर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की बमसन टौणी देवी तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत बारी के छत्रैल गांव में आधी रात को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में ग्रामीण कृष्ण चंद के रिहायशी मकान के साथ रखी घास की करीब 60 गड्डियां और तिरपाल जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि ग्रामीणों की सूझबूझ और समय रहते किए गए प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे मकान और उसमें रह रहे परिवार को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। शुरुआती तौर पर आग लगने के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे के बाद की है। जब पूरा गांव सो रहा था, तभी अचानक घास में आग की लपटें उठने लगीं। मकान के बिल्कुल नजदीक घास रखी होने के कारण आग के घर तक पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। घटना का पता चलते ही स्थानीय वार्ड पंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे मकान तक फैलने से रोक लिया।
घटना के बाद अगली सुबह ग्राम पंचायत बारी के प्रधान राजीव चौहान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। प्रधान राजीव चौहान ने बताया कि आग लगने से कृष्ण चंद की करीब 60 गड्डियां घास और तिरपाल जलकर नष्ट हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की तत्परता और सामूहिक प्रयासों से ही आग को घर तक पहुंचने से रोका जा सका। पंचायत की टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट भी तैयार की है।
आधी रात को हुई इस घटना के बाद छत्रैल गांव के ग्रामीणों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर आग लगाई है तो उसकी पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।