पश्चिम बंगाल के सुकना में राजनाथ सिंह ने परखी सेना की तैयारियां, आधुनिक युद्ध की चुनौतियों पर सतर्क रहने का किया आह्वान

9 नवम्बर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के सुकना में त्रिशक्ति कोर की सैन्य तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्हें वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर बुनियादी ढांचे के विकास, आधुनिक सैन्य उपकरणों की तैनाती और नई तकनीकों के इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कोर की परिचालन तैयारियों पर संतोष जताते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास और सामुदायिक कल्याण के कार्यों की सराहना की।

दिवाली की पूर्व संध्या पर सैनिकों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सुकना पूर्वी भारत की सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी है। यहां से अग्रिम क्षेत्रों तक जरूरी सामान, हथियार, भोजन, चिकित्सा सामग्री और सैन्यकर्मियों की आवाजाही होती है। सरकार सैनिकों तक आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आपूर्ति व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक युद्ध अब केवल पारंपरिक लड़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हाइब्रिड युद्ध, प्रॉक्सी युद्ध, साइबर हमले, ड्रोन घुसपैठ और सूचना युद्ध जैसी चुनौतियां भी शामिल हैं। ऐसे में सैनिकों को सभी मोर्चों पर सतर्क और तैयार रहने की जरूरत है।

रक्षा मंत्री ने बताया कि सड़कों, सुरंगों, सीमावर्ती बुनियादी ढांचे और आधुनिक सैन्य उपकरणों के लिए बजटीय आवंटन बढ़ाया गया है। देश के स्टार्टअप और उद्योग अब ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम तथा आधुनिक सैन्य उपकरणों का निर्माण कर रहे हैं। सेना भी नई तकनीकों को अपना रही है और ड्रोन संचालन व साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में अपनी क्षमताएं बढ़ा रही है।

राजनाथ सिंह ने सैनिकों के मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण पर भी जोर दिया। उन्होंने सैनिकों को अपनी परेशानियां साथियों के साथ साझा करने और जरूरत पड़ने पर सहयोग लेने की सलाह दी। साथ ही अधिकारियों से सैनिकों के साथ समय बिताने और उनकी समस्याओं को समझने का आग्रह किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *