कालका-शिमला रेलमार्ग पर राहत, 4 सितंबर से शिमला-धर्मपुर के बीच चलेगी ट्रेन

3 सितंबर: कालका-शिमला रेलमार्ग पर गुमान-टक्सान के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे से मिट्टी बहने के कारण प्रभावित रेल यातायात को देखते हुए रेलवे प्रबंधन ने शिमला-धर्मपुर के बीच एक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 52453/52454 का संचालन 4 सितंबर से शुरू होगा। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल कार्यालय ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी कर समयसारिणी भी जारी कर दी है।

नई व्यवस्था के तहत ट्रेन धर्मपुर से सुबह 7:50 बजे रवाना होकर सुबह 11:50 बजे शिमला पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन शिमला से शाम 5:45 बजे चलेगी और रात 9:11 बजे धर्मपुर पहुंचेगी।

गौरतलब है कि गुमान-टक्सान के बीच किलोमीटर 07/16-17 पर ब्रिज नंबर 57 के आसपास मिट्टी बह जाने के कारण शिमला-कालका के बीच ट्रेनों का संचालन 11 सितंबर तक रद्द किया गया है। ऐसे में शिमला-धर्मपुर के बीच ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

ट्रेन संचालन की तैयारियों के तहत वीरवार को ट्रेन संख्या 52453 की खाली कोचिंग रेक दोपहर 2 बजे शिमला से धर्मपुर के लिए रवाना की जाएगी। इस रेक में कुल सात कोच होंगे, जिनमें एक जीएसआर, दो जीएस, एक एफसीएस, एक एफसी, एक सीटी और एक एसएलआर शामिल हैं। रेलवे ने सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक क्रू, ट्रेन मैनेजर और शंटर उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए हैं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *