ऊना में एक ही दिन दो युवकों की संदिग्ध मौत, पूबोवाल गांव में पसरा मातम

3 सितंबर: ऊना जिले के हरोली उपमंडल के पूबोवाल गांव में बुधवार को एक ही दिन दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान अमनदीप सिंह और सुखराज के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अमनदीप सिंह का शव बुधवार सुबह घालूवाल स्थित एक वर्षाशालिका में पड़ा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं, दूसरी घटना में सुखराज को सुबह करीब 11 बजे बेसुध हालत में नागरिक अस्पताल हरोली लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों युवकों की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

बताया जा रहा है कि दोनों मृतक शादीशुदा थे और अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चे छोड़ गए हैं। एक ही दिन दो युवकों की मौत से पूबोवाल गांव में शोक की लहर है और दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *