हमीरपुर के बड़सर क्षेत्र के समोह गांव में मातम, बेटे के निधन के कुछ घंटे बाद मां ने भी तोड़ा दम

9 नवम्बर: हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र के समोह गांव में दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल पर मां और बेटे का निधन हो गया। दीपावली से ठीक एक दिन पहले हुई इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, समोह गांव निवासी 63 वर्षीय बलदेव सिंह का बीते शनिवार सुबह अचानक स्वास्थ्य बिगड़ गया। जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त बलदेव सिंह को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए बड़सर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनका निधन हो गया।

बलदेव सिंह का पार्थिव शरीर घर पहुंचने पर परिवार में मातम छा गया। बेटे की मौत का सदमा उनकी 85 वर्षीय माता ज्ञानों देवी सहन नहीं कर सकीं। बेटे की पार्थिव देह देखकर उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें भी सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कुछ ही घंटों के अंतराल पर मां और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बलदेव सिंह अपने पीछे दो बेटे छोड़ गए हैं। उनका छोटा बेटा घर पर ही रहता है, जबकि बड़ा बेटा रोजगार के सिलसिले में बहरीन में कार्यरत है। पिता और दादी के निधन की सूचना मिलते ही वह बहरीन से घर के लिए रवाना हो गया। गांव के श्मशानघाट में मां-बेटे का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *