मंडी में पुलघराट के पास अनियंत्रित कार सुकेती खड्ड में गिरी, चालक की मौत

3 सितंबर: सदर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलघराट के समीप बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। स्लाइडिंग प्वाइंट के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे सुकेती खड्ड में जा गिरी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कार चालक ने जोनल अस्पताल मंडी में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसा बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को कार से बाहर निकालकर जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान मुनीष भाटिया (39) पुत्र संत राम निवासी सन्यारड़ी, डाकघर तल्याहड़, जिला मंडी के रूप में हुई है। मुनीष अपने पीछे पत्नी और 9 वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर से परिवार और पूरे सन्यारड़ी क्षेत्र में शोक की लहर है।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना मंडी में मामला दर्ज कर लिया गया है। कार अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच जारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *