3 सितंबर: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के होमगार्ड्स कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उन्हें एकमुश्त पांच वर्ष की आयु सीमा में छूट दी है। इसके साथ ही पुलिस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाकर 5 सितंबर 2026 कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आवेदन की अवधि बढ़ाए जाने के बाद करीब 21 हजार अतिरिक्त आवेदन प्राप्त हुए हैं। 1 सितंबर 2026 को शाम 7 बजे तक पुलिस भर्ती के लिए कुल 98,719 आवेदन प्राप्त हो चुके थे। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग का ऑनलाइन पोर्टल सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और पोर्टल बंद या क्रैश होने संबंधी खबरें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि भर्ती एवं पदोन्नति नियमों के तहत शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण प्रदेश के सभी 12 जिलों में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित किए जाने हैं। हिमाचल की भौगोलिक और मौसमी परिस्थितियों को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बार-बार बढ़ाने से आगामी सर्दियों में इन परीक्षणों के आयोजन में कठिनाइयां आ सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवाओं के हित में आयु सीमा में छूट देने के साथ-साथ आवेदन की अवधि दो बार बढ़ाई है।