2 सितंबर: कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मुंडखर में खंड स्तरीय अंडर-14 स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में 35 स्कूलों के करीब 370 विद्यार्थी वालीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और शतरंज की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर रामचंद्र पठानिया ने प्रतिभागी विद्यार्थियों और टीम प्रभारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का विशेष महत्व है। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व जैसे गुण विकसित होते हैं। खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सुधार कर रही है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाए जा रहे चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान में सभी लोगों, विशेषकर युवाओं को सक्रिय सहयोग देना चाहिए।
पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल योजना, सीबीएसई स्कूलों की स्थापना और डॉ. वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना जैसी पहल की गई हैं, जिनसे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि मुंडखर स्कूल में 2.77 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।
स्कूल के प्रधानाचार्य ओंकार देव ने मुख्य अतिथि, अतिथियों, टीम प्रभारियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
उद्घाटन समारोह में एडीपीईओ अश्वनी कुमार, प्रतियोगिता समन्वयक अशोक शर्मा, सहायक समन्वयक राजीव शर्मा, स्थानीय पंचायत प्रधान नरिंतला देवी, बीडीसी सदस्य संतोष कुमारी, जीवन दत्त शर्मा लक्की, मुकेश बन्याल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।