2 सितंबर: मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में जूनियर ब्यूटीशियन कोर्स के नए बैच का 35 दिवसीय निशुल्क प्रशिक्षण शुरू हुआ। पंजाब नेशनल बैंक के सर्कल कार्यालय प्रमुख अरविंद यादव ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को रहने, खाने-पीने और प्रशिक्षण से संबंधित सभी आवश्यक सामग्री निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। इस अवसर पर अरविंद यादव ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे अपना स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं। व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण की आवश्यकता होने पर आरसेटी की ओर से भी आवश्यक सहयोग किया जाएगा।
आरसेटी के निदेशक अजय कतना ने मुख्य अतिथि और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस तरह के प्रशिक्षण युवाओं को कौशल प्रदान करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करते हैं।
कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता सलाहकार जीसी भट्टी, आरसेटी के फैकल्टी सदस्य विनय चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।