बैजनाथ कॉलेज में 44 किलोवाट सोलर रूफटॉप संयंत्र का विधायक किशोरी लाल ने किया लोकार्पण

20 अगस्त: पंडित संत राम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में हिम ऊर्जा के सौजन्य से 18 लाख 11 हजार रुपये की लागत से स्थापित 44 किलोवाट क्षमता के सोलर रूफटॉप संयंत्र का विधायक किशोरी लाल ने लोकार्पण किया। संयंत्र में कुल 77 सोलर पैनल लगाए गए हैं।

इस अवसर पर विधायक किशोरी लाल ने कहा कि सौर ऊर्जा जैसे स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में स्थापित सोलर संयंत्र से बिजली खर्च में प्रतिवर्ष करीब 3 लाख 50 हजार रुपये की बचत होने की संभावना है। इससे महाविद्यालय के विद्युत व्यय का बोझ कम होगा और बची राशि का उपयोग विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में किया जा सकेगा।

विधायक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रदेश सरकार सौर ऊर्जा के उपयोग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने, ऊर्जा संरक्षण, पौधरोपण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में इस तरह की हरित पहल से विद्यार्थियों को स्वच्छ ऊर्जा के महत्व को समझने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संयंत्र की स्थापना के लिए महाविद्यालय प्रशासन को बधाई देते हुए विद्युत विभाग और हिम ऊर्जा विभाग का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य उपेंद्र शर्मा, खंड विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया, हिम ऊर्जा के परियोजना अधिकारी अरुण कुमार, प्रदेश महासचिव रविंदर राव, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी चितवन सिंह, अधीक्षक खंड प्राथमिक शिक्षा विनय मेहता, प्रो. मनीष रंधावा सहित शिक्षकगण और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *