20 अगस्त: मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर के निकटवर्ती सस्त्र गांव की करीब 40 वर्ष पुरानी सड़क समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद गांव के लिए पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा।
बुधवार को सस्त्र गांव के दौरे के दौरान जनसमस्याएं सुनते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि गांव में बिजली की कम वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए बिजली बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह समस्या अगले 10 दिनों में दूर करने के प्रयास किए जाएंगे।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हमीरपुर शहर के बाहरी क्षेत्रों में आने वाले समय में विकास की नई तस्वीर देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर के लिए कई नए संस्थानों और राज्य स्तरीय कार्यालयों को मंजूरी दी है। इन संस्थानों के लिए शहर के बाहरी क्षेत्रों में भूमि उपलब्ध होने के कारण आसपास के गांवों में भी विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि हमीरपुर से पक्का भरो, सस्त्र, मटाहणी, सलासी, झनियारी, नेरी, जोल सप्पड़ और रंगस तक के क्षेत्रों में आने वाले समय में व्यापक विकास देखने को मिलेगा। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की दूरदर्शी और विकासोन्मुखी सोच का परिणाम बताया।
इससे पहले सस्त्र गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने सुनील शर्मा बिट्टू का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर मुश्ताक मुहम्मद, अली मुहम्मद, जमील, बाबू खान, सलीमो बेगम, रजिया बेगम, लालद्दीन, मुश्ताक, शशि मुहम्मद, रमेश चंद, विशाल, कर्ण, जमील खान, रीता देवी, सोनिका सहित अन्य ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।