20 अगस्त: आयुष, कानून, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने बुधवार को कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के शमीरपुर और सलोल में नवनिर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन कर इन्हें जनता को समर्पित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आयुर्वेद एवं अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों को मजबूत करने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयुष स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के साथ नए आयुर्वेदिक संस्थानों को विकसित किया जा रहा है। पांच स्थानों पर होम्योपैथिक चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जबकि 14 संस्थानों में पंचकर्म तकनीशियन कोर्स शुरू किए गए हैं। इसके अलावा 161 वेलनेस सेंटरों को अपडेट किया गया है, ताकि लोगों को उनके नजदीक आधुनिक आयुष स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारत की समृद्ध पारंपरिक चिकित्सा पद्धति है और वर्तमान समय में लोगों का रुझान प्राकृतिक एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं की ओर बढ़ रहा है। सरकार का प्रयास है कि आयुष संस्थानों में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के साथ प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
गोमा ने बताया कि शमीरपुर में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर 23.31 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि सलोल में स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर 30.11 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर-द्वार के समीप प्राथमिक स्तर की आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
आयुष मंत्री ने प्रदेश में चिट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आम लोगों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को इस अभियान का हिस्सा बनना होगा। उन्होंने 14 वर्ष तक की बेटियों को एचपीवी का टीका लगवाने की भी अपील की।
कार्यक्रम में एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा और एपीएमसी अध्यक्ष निशु मोंगरा विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र को आयुष स्वास्थ्य केंद्रों की सौगात देने के लिए मंत्री का आभार जताया। इस दौरान खेल मैदान बनाने, स्वास्थ्य केंद्रों को वेलनेस स्वास्थ्य केंद्रों के रूप में विकसित करने तथा सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों में पंचकर्म की सुविधा शुरू करने की मांग भी रखी गई।
अजय वर्मा ने शमीरपुर के लिए बस सेवा शुरू करने की घोषणा की और तरखानखड में लोगों द्वारा उठाई गई बस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। मंत्री यादविंद्र गोमा ने स्थानीय लोगों की मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने भी भाग लिया। तरखानखड पंचायत निवासी जोगिंदर सिंह ने आयुष स्वास्थ्य केंद्र के लिए अपनी जमीन दान की। उनके इस योगदान की मंत्री ने सराहना की और उन्हें सम्मानित किया।