19 अगस्त: धर्मशाला में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक कार्य योजना के तहत वन विभाग के सहयोग से यह अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम में एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न, जिला कल्याण अधिकारी कांगड़ा साहिल माण्डला सहित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान आंवला, जामुन, बान और अर्जुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
एसडीएम मोहित रत्न ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज और परिवार में वरिष्ठजनों के योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक है, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी भी निभाई जाए।
उन्होंने लोगों से जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
जिला कल्याण अधिकारी साहिल माण्डला ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और योगदान से नई पीढ़ी को निरंतर सीख मिलती है। उन्होंने वरिष्ठजनों की सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाने और उन्हें पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहित के कार्यों से जोड़ने पर जोर दिया।
विभाग ने लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और हरित पर्यावरण सुनिश्चित करने में योगदान देने की अपील की।