1 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली में शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। ओल्ड मनाली के क्लब हाउस के पास एक जिम्नी कार अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे मनालसु नाले में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ। पास के एक होटल के मैनेजर ने सड़क के नीचे वाहन गिरने की जोरदार आवाज सुनी। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर देखा कि जिम्नी कार (HP26A0011) नाले में फंसी हुई थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मंडी निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार और कुल्लू निवासी करुण बौद्ध को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में घायल हुए विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया है। परिजनों के मनाली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।