डीएलएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित, 2,835 अभ्यर्थी सफल

1 अगस्त: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने डीएलएड कॉमन एंट्रेंस टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में कुल 2,835 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। परीक्षा का आयोजन 17 जून, 2026 को प्रदेशभर के 67 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था।

प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 9,984 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 9,096 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 888 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बोर्ड ने अस्थायी उत्तर कुंजी जारी करने के बाद प्राप्त आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों से जांच करवाई और इसके बाद अंतिम परिणाम तैयार किया।

अब डीएलएड सत्र 2026-2028 के लिए सीट आबंटन, मेरिट सूची और काउंसलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।

वहीं, उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटा के तहत सफल अभ्यर्थियों के खेल प्रमाण पत्रों का सत्यापन और काउंसलिंग 5 और 6 अगस्त, 2026 को सुबह 10:30 बजे से धर्मशाला स्थित स्कूल शिक्षा बोर्ड मुख्यालय में होगी। अभ्यर्थियों को सत्यापन के दौरान अपने मूल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी अपडेट के लिए केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का ही अनुसरण करें।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने परीक्षा में सफल सभी 2,835 अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिणाम पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही काउंसलिंग और सीट आबंटन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *