सलूणी में नाले के तेज बहाव में बही युवती, सियूल नदी से बरामद हुआ शव

31 जुलाई: सलूणी उपमंडल में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में युवती की जान चली गई। संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव निवासी शबनम पुत्री गुलाम नबी जंगल से भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में पैर फिसलने से वह उफनते नाले के तेज बहाव में बह गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों ने तलाश अभियान शुरू किया। देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण युवती का पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह जलाड़ी के समीप सियूल नदी में शबनम का शव बरामद किया गया।

भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने शव मिलने की पुष्टि की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रशासन की ओर से मृतका के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। अधिकारियों के अनुसार नियमों के तहत शेष 3.75 लाख रुपये की मुआवजा राशि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पात्र परिजनों को दी जाएगी।

युवती की अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है, वहीं घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *