24 जुलाई: जिला प्रशासन कांगड़ा की पहल पर 30 जुलाई 2026 से ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ और महाकाल मंदिर में श्री मंदिर ऐप के माध्यम से डिजिटल दर्शन, पूजा-अर्चना और ऑनलाइन चढ़ावा अर्पित करने की सुविधा शुरू की जाएगी। यह जानकारी उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) बैजनाथ संकल्प गौतम ने दी।
उन्होंने बताया कि श्री मंदिर ऐप देश के प्रमुख डिजिटल धार्मिक प्लेटफॉर्मों में शामिल है, जिसके माध्यम से देश के कई प्रसिद्ध और प्राचीन मंदिरों में ऑनलाइन दर्शन, पूजा और चढ़ावा अर्पित करने की सुविधा उपलब्ध है। इस पहल से देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु घर बैठे अधिकृत रूप से मंदिरों में पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकेंगे।
एसडीएम ने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, प्रवासी भारतीयों और किसी कारणवश मंदिर तक नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए लाभदायक होगी। साथ ही डिजिटल माध्यम से मिलने वाले चढ़ावे से मंदिरों की आय बढ़ेगी, जिससे उनके रखरखाव, संरक्षण और विकास कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने इस पहल के लिए उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और उपमंडल प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से पहली बार बैजनाथ क्षेत्र के श्रद्धालुओं को डिजिटल माध्यम से दर्शन और पूजा-अर्चना की सुविधा मिल रही है। यह पहल जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में भी सहायक होगी।
उन्होंने बताया कि इससे पहले श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर कांगड़ा और श्री चामुंडा देवी मंदिर में यह सुविधा सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है। अब शिव मंदिर बैजनाथ और महाकाल मंदिर के जुड़ने से अधिक श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से धार्मिक सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।