24 जुलाई: नगर परिषद नूरपुर के सभागार में गुरुवार को आयोजित समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीति महाजन और उपाध्यक्ष सोनिया सोगा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। एसडीएम नूरपुर अरुण शर्मा ने दोनों जनप्रतिनिधियों को शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष ने नगर के समग्र विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों और अधिकारियों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जाएगी तथा लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह में पूर्व विधायक अजय महाजन ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नगर परिषद का नया नेतृत्व विकास और जनसेवा के कार्यों को नई दिशा देगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य कर नगर के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वन विकास निगम के निदेशक योगेश महाजन, डीएसपी चंद्रपाल सिंह, नगर परिषद के पार्षद, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।