26 जुलाई को मंडी में होगा कारगिल विजय दिवस समारोह, शहीद परिवारों का होगा सम्मान

24 जुलाई: मंडी जिला मुख्यालय में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। समारोह की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कार्यवाहक अतिरिक्त उपायुक्त चन्द्र प्रकाश की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम 26 जुलाई को सुबह 11 बजे इंदिरा मार्केट परिसर स्थित शहीद स्मारक और ऐतिहासिक सेरी मंच पर आयोजित होगा। इस दौरान कारगिल युद्ध में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद सेरी मंच पर आयोजित समारोह में शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यवाहक अतिरिक्त उपायुक्त ने पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन, नगर निगम को साफ-सफाई, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा अन्य संबंधित विभागों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपनिदेशक उच्च शिक्षा यशवीर कुमार, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैणी, भूतपूर्व सैनिक लीग मंडी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कैप्टन एच.आर. शर्मा, उपाध्यक्ष कर्नल तारा प्रताप सिंह राणा, महासचिव कैप्टन वीर सिंह गुलेरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *