22 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के शिक्षित एवं बेरोजगार युवाओं के लिए 25 और 26 जुलाई को राजकीय महाविद्यालय, नगरोटा बगवां में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने बताया कि इस मेले का उद्देश्य युवाओं को देश की प्रतिष्ठित निजी क्षेत्र की कंपनियों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में देश की कई नामी निजी कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन करेंगी। इसमें 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, होटल मैनेजमेंट तथा किसी भी ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार भाग ले सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर रोजगार मेले में पहुंचने का आग्रह किया है। अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रतियां, आधार कार्ड, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण (यदि उपलब्ध हो), पासपोर्ट आकार के फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।