बरोटा पंचायत के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, विधायक मलेंद्र राजन ने की 1.14 करोड़ के पंचायत भवन सहित कई घोषणाएं

22 जुलाई: विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को ग्राम पंचायत बरोटा का दौरा कर स्थानीय लोगों से संवाद किया और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पंचायत के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने बताया कि पंचायत में तीन नए विद्युत ट्रांसफार्मर स्वीकृत हो चुके हैं और इन्हें स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। इसके अलावा करोड़ों रुपये की लागत से मिलवां-बरोटा सड़क का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि पांच इलेक्ट्रिक बसों का टेंडर भी हो चुका है और बसें उपलब्ध होते ही बरोटा के लिए बस सेवा शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने पंचायत के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होने पर लगभग 1.14 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक पंचायत भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही पंचायत में आधुनिक ओपन जिम और सोलर लाइटें भी स्थापित की जाएंगी।

मलेंद्र राजन ने कहा कि प्रदेश सरकार चिट्टे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा प्रत्येक जनप्रतिनिधि से एक पौधा लगाने का भी आग्रह किया।

उन्होंने बताया कि तियौड़ा-पत्तन पुल की डीपीआर तैयार की जा रही है और इसके लिए जल्द बजट उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत बरोटा के प्रधान जुगल किशोर, उपप्रधान तरसेम लाल, बीडीसी सदस्य विनोद कुमार, सभी वार्ड सदस्य, केवल कृष्ण फौजी, तारा सिंह, उर्मिला देवी, रानी देवी, भाग सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पंचायतवासी मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *